लखनऊ। भारतीय रेल प्रबंधन सेवा (IRMS) (ट्रैफिक) के 2022 एवं 2023 बैच के परिवीक्षाधीन अधिकारियों, जो भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM), लखनऊ में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे, ने अपने 104 सप्ताह के व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपरांत जनभवन, लखनऊ में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के साथ रंजन प्रकाश ठाकुर, महानिदेशक, IRITM, पी. पी. लाठे, कोर्स निदेशक, IRITM तथा श्री तथा तथा आस्थआनंद पाठक, प्रो(वित्त), IRITM भी उपस्थित रहे।
वार्ता के दौरान माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने परिवीक्षाधीन अधिकारियों को उनका व्यापक प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर बधाई दी तथा भारतीय रेल में उनकी भावी जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अधिकारियों को अपने दायित्वों के निर्वहन में ईमानदारी, समर्पण, अनुशासन, व्यावसायिकता तथा जनसेवा की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया।
राज्यपाल ने अधिकारियों को नागरिकों की आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने तथा लोक सेवा में उच्चतम नैतिक मानकों को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लोक सेवकों पर निहित महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का उल्लेख करते हुए अधिकारियों से भारतीय रेल को अधिक कुशल, सुरक्षित, यात्री-केंद्रित एवं उत्तरदायी बनाने में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने राज्यपाल के बहुमूल्य मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी संदेश के लिए उनका आभार व्यक्त किया। यह संवाद उनके लिए अपने प्रशिक्षण काल की यात्रा पर चिंतन करने तथा भारतीय रेल के माध्यम से राष्ट्र सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दृढ़ करने का महत्वपूर्ण अवसर रहा।
104 सप्ताह के प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के पश्चात IRMS (ट्रैफिक) के परिवीक्षाधीन अधिकारी अब अपने-अपने आवंटित रेलवे जोन में पदभार ग्रहण करने एवं अपनी व्यावसायिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए तैयार हैं।
भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM), लखनऊ परिवीक्षाधीन अधिकारियों को व्यापक, व्यावहारिक एवं भविष्य उन्मुख प्रशिक्षण प्रदान करने तथा उन्हें भारतीय रेल की उभरती चुनौतियों एवं अवसरों का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए सक्षम बनाने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है।










