नितेश वर्मा उप सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराध एवं अवैध तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना ठूठीबारी पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त अभियान में पुलिस ने 10 बोरी यूरिया खाद और तस्करी में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
थाना ठूठीबारी पुलिस और 22वीं वाहिनी एसएसबी ठूठीबारी की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने उस्मान पुत्र निजामुद्दीन तथा पिंटू गुप्ता पुत्र जगदीश कुमार गुप्ता, दोनों निवासी राजाबारी, को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 10 बोरी यूरिया खाद तथा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही तीन मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
पुलिस ने बरामद सामान और दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 111 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।









