अहमद रजा जिला ब्यूरो एम आर जे न्यूज महराजगंज
नौतनवा, महराजगंज। जनपद महराजगंज के नौतनवा स्थित बचपन स्कूल में विद्यालय परिवार एवं बच्चों ने गणेश चतुर्थी का पर्व बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर पूरा विद्यालय परिवार भगवान गणेश की भक्ति में रमा नजर आया। विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए इको-फ्रेंडली गणेश चतुर्थी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की डायरेक्टर अंजली ने पेपर से बने गणेश जी की प्रतिमा की स्थापना की। इसके बाद समस्त विद्यालय परिवार ने एकजुट होकर बप्पा की आरती की और विधि-विधान से विसर्जन किया। बच्चों को भगवान गणेश के जीवन एवं शिक्षाओं पर आधारित प्रेरणाप्रद कहानियां दिखाई, सुनाई और समझाई गईं।
बच्चों को गणेश जी के विभिन्न नामों और उनके अर्थ से भी परिचित कराया गया। इस दौरान गजानन, गणपति, गणेश, लंबोदर, एकदंत, शुभम, विनायक और भालचंद्र आदि नामों का उच्चारण कराया गया और उनके अर्थ समझाए गए।
डायरेक्टर अंजली ने कहा कि हर त्योहार हमें कोई न कोई प्रेरणादायक सीख देता है। हर पर्व के पीछे एक कहानी और उद्देश्य होता है, जिसका सार्थक अर्थ समझकर हमें उसे अपने आचरण में उतारना चाहिए। उन्होंने चित्रों और कहानियों के माध्यम से बच्चों को बताया कि गणेश जी के बड़े कान हमें कम बोलने और अधिक सुनने की सीख देते हैं, जबकि उनका छोटा मुख कम बोलकर अपने कार्य पर ध्यान केंद्रित करने का संदेश देता है। आशीर्वाद देने वाले हाथ उदारता और सकारात्मकता की प्रेरणा देते हैं तथा छोटे नेत्र लक्ष्य पर एकाग्र रहने की सीख देते हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को अपनी सभ्यता और संस्कृति से परिचित कराने के साथ ही उससे उनका जुड़ाव बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ संस्कार भी अनिवार्य हैं।
कार्यक्रम में मृदुल, सामर्थ, समृद्धि, अर्सलान, माहिर, तारीख, सृष्टि, अर्पित, विश्रुत, शिवांशी, श्रीवन्या, काव्या, श्रुति, आनंद, आदर्श, काब्या, रक्षा, ईशा, अनन्या, हुजाइफ, रुद्रांशी, सुप्रिया, योगिता, भाविका और शुभी सहित अन्य बच्चे मौजूद रहे। वहीं शिक्षिकाओं में वैष्णवी, तेजस्वी, मनिता, ईशा, अंजली, प्रीती, इशिता, अंशिका, रिंकल और श्रद्धा की सहभागिता रही।









