जावेद अख्तर सह सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। पनियरा थाना पुलिस ने महिलाओं को बहला-फुसलाकर धोखाधड़ी के जरिए आभूषण हड़पने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पीली धातु का एक मंगलसूत्र, पैशन प्रो मोटरसाइकिल और आभूषणों की नौ कूटरचित रसीदें बरामद की हैं।
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम के पर्यवेक्षण में अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 15 अक्टूबर 2026 को थानाध्यक्ष पनियरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बाकी मंदिर से पहले पीपल के पेड़ के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान अरविन्द पुत्र रामशंकर, निवासी रमवापुर, थाना पनियरा तथा राजू पुत्र कलाम, निवासी बहारमपुर, थाना पनियरा, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।
मोटरसाइकिल और नौ कूटरचित रसीदें बरामद
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक पीली धातु का मंगलसूत्र, एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल और आभूषणों की नौ कूटरचित रसीदें बरामद की गई हैं। इस मामले में थाना पनियरा में मुकदमा संख्या 309/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 317(4), 336(3), 338 और 340(2) में मुकदमा दर्ज है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अरविन्द के खिलाफ अन्य जिलों में भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, आरोपी अरविन्द के विरुद्ध महराजगंज के पनियरा थाने के मुकदमे के अतिरिक्त संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद, महुली और बेलहरकला थानों में भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, आरोपी राजू का आपराधिक इतिहास इस मामले में दर्ज मुकदमे तक बताया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक देवेंद्र दूबे, हेड कांस्टेबल राजेश सिंह, हेड कांस्टेबल आनंद मिश्रा, कांस्टेबल बृजपाल यादव और कांस्टेबल विष्णु अग्रहरि शामिल रहे।









