धनंजय गुप्ता क्राइम ब्यूरो एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज।पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के कुशल निर्देशन में, आगामी त्यौहारों (दुर्गा पूजा एवं दशहरा आदि) को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु जनपदीय पुलिस द्वारा व्यापक सतर्कता एवं सुरक्षात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज दिनांक 08.10.2026 को जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में थानाध्यक्षों/प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थानों पर डीजे (DJ) संचालकों एवं साउंड सिस्टम स्वामियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं शासन द्वारा ध्वनि प्रदूषण तथा सुरक्षा मानकों के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों से सभी को विस्तार से अवगत कराया गया।
नियम-विरुद्ध डीजे संचालन को रोकने तथा ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु जनपदीय पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 600 डीजे संचालकों/ मालिकों को विधिक नोटिस जारी किया गया है।
बैठक के दौरान बताया गया कि, डीजे/साउंड सिस्टम की आवाज को शासन द्वारा निर्धारित डेसिबल (मानक ध्वनि सीमा) के भीतर ही रखा जाए, ताकि आमजन, बुजुर्गों एवं मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। डीजे गाड़ियों (पिकअप/ट्रॉली आदि) पर बॉक्सों की संख्या सीमित रखी जाए तथा वाहन की लंबाई व ऊंचाई निर्धारित भौतिक मानकों के भीतर ही हो। किसी भी परिस्थिति में ओवरलोडिंग या खतरनाक फैलाव की अनुमति नहीं दी जाएगी। जुलूस, शोभायात्रा अथवा पूजा पंडालों के दौरान किसी भी प्रकार के सांप्रदायिक, अश्लील या उत्तेजक गाने नहीं बजाए जाएंगे।
महराजगंज पुलिस द्वारा समस्त डीजे संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि कोई भी संचालक जारी किए गए नोटिस व प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करता हुआ पाया गया, तो उसका साउंड सिस्टम व वाहन तत्काल सीज करते हुए संबंधित के विरुद्ध प्रासंगिक धाराओं में कठोर वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
महराजगंज पुलिस सभी सम्मानित नागरिकों, पूजा समितियों एवं आयोजकों से अपील करती है कि त्यौहारों को पूर्ण शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था के दायरे में रहकर ही मनाएं।









