मुन्ना अन्सारी सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को विकासखंड सदर में आयोजित ‘सेवा सेतु’ शिविर का उद्घाटन केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं सांसद पंकज चौधरी ने किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल और सूचना विभाग की विकास प्रदर्शनी का अवलोकन कर आमजन को मिल रही योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं से मिल रहे लाभ के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
लाभार्थियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होना महत्वपूर्ण अवसर है। इसी उपलक्ष्य में देशभर में सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सेवा को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए जनसरोकार और जनभागीदारी से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा सेतु’ सरकार की योजनाओं और आमजन के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी और समय से लाभ दिलाने में विभागों के साथ जनप्रतिनिधियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
शिविर में मुख्यमंत्री आवास योजना, पंचायत कल्याण कोष, सीएम युवा, विश्वकर्मा श्रम सम्मान, ओडीओपी, एनआरएलएम और पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। दो बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया गया। कार्यक्रम में 15 लोगों ने नेत्रदान और अंगदान का संकल्प लिया। मंत्री ने अंगदान को पुनीत कार्य बताते हुए लोगों से इसके लिए आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सदर की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम से पूर्व मंत्री ने ब्लॉक परिसर में प्रेरणा कैंटीन का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, पूर्व विधायक फरेंदा बजरंग बहादुर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शिवम कुमार सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।









