अहमद रजा जिला ब्यूरो एम आर जे न्यूज महराजगंज
ठूठीबारी। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की ओर से नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत कौशल विकास प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत 30 युवाओं को 15 दिवसीय मोटर ड्राइविंग तथा 30 महिलाओं को 21 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण की शुरुआत 28 सितंबर से होगी।
कार्यक्रम के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को व्यावहारिक हुनर से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवा रोजगार के अवसर हासिल कर सकें और महिलाएं भी अपने स्तर पर स्वरोजगार शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण में चयनित युवाओं को वाहन चलाने से संबंधित आवश्यक जानकारी और व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं, महिलाओं को ब्यूटी पार्लर से जुड़े विभिन्न कार्यों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
एसएसबी का यह नागरिक कल्याण कार्यक्रम सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय लोगों के विकास और सशक्तीकरण की दिशा में एक पहल के रूप में देखा जा रहा है। प्रशिक्षण से स्थानीय युवाओं और महिलाओं में कौशल का विकास होने के साथ रोजगार की संभावनाएं बढ़ने की उम्मीद है।









