मुन्ना अन्सारी सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल पुलिस चौकी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पारिवारिक विवाद से आहत एक महिला रोते-बिलखते हाथ में दोनाली बंदूक लेकर चौकी पहुंच गई। महिला के हाथ में असलहा देख पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए।
घटना की गंभीरता को भांपते हुए पुलिसकर्मियों ने बेहद सावधानी और सूझबूझ का परिचय दिया। महिला को घेरने या किसी तरह की जल्दबाजी करने के बजाय पुलिसकर्मियों ने शालीनता से बातचीत करते हुए उसे शांत कराने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने महिला के हाथ से लाइसेंसी बंदूक अपने कब्जे में ले ली।
इसके बाद पुलिस ने महिला की व्यथा और उसकी सुरक्षा संबंधी चिंताओं को गंभीरता से सुना। पुलिस ने उसे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पुलिस के अनुसार, पारिवारिक विवाद के वास्तविक कारणों की गहनता से जांच-पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद चौकी परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।









