लखनऊ। मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा ने आज दिनांक 14 अगस्त 2026 को उन्नाव जंक्शन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशन पर चल रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र से जुड़े कार्यों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया । मंडल रेल प्रबंधक ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्नाव के सांसद डॉ. स्वामी साक्षी जी महाराज का उन्नाव जंक्शन पर आगमन हुआ।
मंडल रेल प्रबंधक, सुनील कुमार वर्मा ने उन्हें स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी दी। मानचित्र के माध्यम से नए स्टेशन भवन की प्रस्तावित रूपरेखा और सुविधाओं के बारे में भी बताया गया। इस दौरान स्टेशन के विकास एवं निर्माण कार्यों को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद माननीय सांसद डॉ. स्वामी साक्षी जी महाराज ने मीडिया से भी संवाद किया।
निरीक्षण के अंत में मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन पर ट्रैक की स्थिति एवं परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक, श्री शूरवीर सिंह चौहान, मुख्य परियोजना प्रबंधक (CPM), प्रवीण कुमार सहित मंडल के संबंधित वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









