अम्बरीष शर्मा राज्य ब्यूरो एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर वांछित एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सोनौली पुलिस ने जिला बदर (तड़ीपार) के आदेश का उल्लंघन करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शिवम पाण्डेय (27 वर्ष) पुत्र जनार्दन पाण्डेय, निवासी ग्राम लक्ष्मीनगर टोला तिसुरी, थाना सोनौली, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, न्यायालय के आदेश पर 10 जुलाई 2026 को शिवम पाण्डेय को छह माह के लिए जनपद देवरिया में जिला बदर किया गया था। इसके बावजूद गुरुवार, 6 अगस्त 2026 को पुलिस की चेकिंग के दौरान वह अपने घर पर मौजूद मिला।
थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर थाना सोनौली पर मु.अ.सं. 73/2026, धारा 10 उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम, 1970 के तहत मुकदमा दर्ज किया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्त को न्यायालय महराजगंज भेज दिया गया।
पुलिस ने कहा है कि जिला बदर एवं तड़ीपार के आदेशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।










