नितेश वर्मा उप सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। बृजमनगंज पुलिस ने रविवार को 3 किलो 100 ग्राम गांजे के साथ एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया। दोनों कथित तौर पर गांजा बेचने के लिए फरेंदा जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह बृजमनगंज पुलिस टीम बनगड़िया तिराहे पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि हड़ियाकोट की ओर से एक पुरुष और महिला झोले में मादक पदार्थ लेकर फरेंदा की तरफ जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मदारीपुर मोड़ के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
पकड़े गए दोनों की पहचान बंजरहा सोनबरसा टोला सिसहनिया निवासी के रूप में हुई। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा की मौजूदगी में तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से 3 किलो 100 ग्राम गांजा, एक मोबाइल फोन और 280 रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए होरीलाल का पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और जनवरी में भी उसे मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया गया था।









