मुन्ना अन्सारी सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली आरक्षित नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता और गोपनीयता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह भर्ती परीक्षा लाखों युवाओं की उम्मीदों और भविष्य से जुड़ी है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न हो। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने तथा सुरक्षा और निगरानी के प्रभावी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग को भी विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा के दौरान विभिन्न जिलों के बीच रियायती किराए पर विशेष बसों का संचालन किया जाएगा, ताकि परीक्षार्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
सरकार का मानना है कि भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री के इस सख्त रुख से लाखों अभ्यर्थियों में परीक्षा की निष्पक्षता को लेकर भरोसा और मजबूत हुआ है।














