अम्बरीष शर्मा राज्य ब्यूरो एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। आगामी श्रावण मास मेले को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से निचलौल तहसील क्षेत्र स्थित थाना कोतवाली ठूठीबारी पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने पंचमुखी शिव मंदिर इटहियां धाम परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर व्यापक तैयारियों का जायजा लिया गया।
पुलिस टीम ने मंदिर परिसर तथा आसपास के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण करते हुए बैरियर लगाए जाने के स्थान, वाहन पार्किंग स्थल और यातायात डायवर्जन मार्गों को चिन्हित किया। साथ ही मेले के दौरान संभावित भीड़ को नियंत्रित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे।
महराजगंज पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा पुलिस प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन कर मेले को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग दें।











