मुन्ना अन्सारी सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जाहिद अली के नेतृत्व में मंगलवार को निचलौल तहसील क्षेत्र में छात्रों के साथ सड़क की जर्जर स्थिति के विरोध में प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने निचलौल तहसील चौराहे से कपिया, पिपरा काजी होते हुए कोहडवल सरकारी अस्पताल तक पैदल मार्च निकालकर विरोध जताया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह सड़क कई वर्षों से क्षतिग्रस्त पड़ी है, जिससे आम नागरिकों, मरीजों, छात्रों और राहगीरों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सड़क का शीघ्र नए सिरे से निर्माण कराने तथा उसका चौड़ीकरण किए जाने की मांग की।
प्रदर्शन के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम निचलौल के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार निचलौल को सौंपा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण और चौड़ीकरण का कार्य शुरू नहीं कराया गया तो पार्टी जनहित में आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगी।












