नितेश वर्मा उप सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
सहारनपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनपद सहारनपुर में विभिन्न विकास परियोजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने एलिवेटेड रोड निर्माण परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त श्रमिकों की तैनाती कर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और शारदीय नवरात्रि तक परियोजना को पूरा करने का हरसंभव प्रयास किया जाए। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने हाल ही में जिले में आई अचानक बाढ़ से हुई जनहानि और संपत्ति के नुकसान की जानकारी भी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित दुकानदारों एवं अन्य पीड़ितों के नुकसान का आकलन कर नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।
आपदा प्रबंधन की समीक्षा करते हुए सीएम योगी ने कहा कि किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में लोगों को समय रहते अलर्ट जारी किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि आपदा से होने वाली क्षति की सूचना तत्काल शासन को उपलब्ध कराई जाए, जिससे राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी और प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों से विकास योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आह्वान किया।















