धनन्जय गुप्ता संवाददाता एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल नगर पंचायत के बल्लभ नगर स्थित तिवारी टोला में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब करीब 30 वर्षीय युवक ने घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक की पहचान रजवंत पुत्र मुन्नीलाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शनिवार सुबह रजवंत सामान्य रूप से उठा था। दोपहर करीब दो बजे वह घर के एक कमरे में चला गया। कुछ देर बाद घर के आसपास खेल रहे बच्चों की नजर कमरे की कुंडी में लटक रहे रजवंत पर पड़ी। बच्चों ने शोर मचाकर परिजनों और आसपास के लोगों को जानकारी दी। लोग कमरे की ओर दौड़े, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।रजवंत के दो छोटे बच्चे हैं। परिजनों के मुताबिक उसकी पत्नी करीब 15 दिन पहले मायके चली गई थी। बताया जा रहा है कि रजवंत नशे का आदी था और इसी को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। परिजन घटना को पारिवारिक कलह से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है।घटना की सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।थानाध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









