धनंजय गुप्ता संवाददाता एम आर जे न्यूज महराजगंज
नौतनवा -महराजगंज। नौतनवा कस्बे के बाईपास राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर करीब 12:40 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गोरखपुर की ओर से सोनौली की तरफ जा रही एक अर्टिगा कार आगे चल रही बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के महराजगंज पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र राव की काइगर कार से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में अर्टिगा सवार 6 लोग चोटिल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संत कबीर नगर जिले के बखिरा थाना क्षेत्र स्थित अमरढोभा निवासी मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद ताल्हा, मोहम्मद हसन, मोहम्मद जमाल, मोहम्मद अब्दुल्ला और मोहम्मद इलियास अपनी अर्टिगा कार (UP 51 AW 9001) में सवार होकर नेपाल घूमने जा रहे थे।
जैसे ही उनकी गाड़ी नौतनवा कस्बे के बाईपास स्थित एक पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी आगे चल रही बसपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र राव की काइगर कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्टिगा कार सड़क पर ही पलट गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना में अर्टिगा सवार सभी छह लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही नौतनवा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को पलटी हुई कार से बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। इसके बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर सड़क से हटवाया और यातायात सुचारू रूप से बहाल कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।









