अहमद रजा जिला ब्यूरो एम आर जे न्यूज महराजगंज
कोठीभार/महराजगंज। सिसवा बाजार और खड्डा के बीच रेलवे ट्रैक पर सोमवार को करीब 65 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची कोठीभार पुलिस ने शव को ट्रैक से हटाकर कब्जे में लिया और पहचान कराने के बाद परिजनों को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार, सिसवा बाजार के स्टेशन अधीक्षक ने सूचना दी कि 15212 जननायक एक्सप्रेस के चालक ने रेलवे ट्रैक के किमी 323/08-10 पर एक व्यक्ति का शव पड़े होने की जानकारी दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को ट्रैक के बीच से हटाकर किनारे किया।
पूछताछ में मृतक की पहचान मोती मुसहर पुत्र सुन्नर, निवासी सबया टोला बरगदही, थाना कोठीभार, जनपद महराजगंज के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, मृतक शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में रेलवे ट्रैक पर जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत होने की आशंका है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था कायम रही।









