सुल्तानपुर। जनपद स्तरीय विद्यालयी प्रतियोगिताओं में राजकीय हाईस्कूल कनकपुर सिकवा के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। जनपद के करीब 30 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यालय के प्रतिभागियों ने लोक नृत्य, लोकगीत और लघु नाटिका में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्रमशः द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया।
11 सितंबर को राम नरेश त्रिपाठी सभागार, सुल्तानपुर में आयोजित लोक नृत्य प्रतियोगिता में राजकीय हाईस्कूल कनकपुर सिकवा की छात्राएं शिखा धूरिया, सृष्टि विश्वकर्मा, सृष्टि श्रीवास्तव और श्वेता ने प्रतिभाग किया। शानदार प्रस्तुति के दम पर टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान मौजूद जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह एवं जिला विद्यालय निरीक्षक ने छात्राओं की प्रस्तुति की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसके अगले दिन जीआईसी सुल्तानपुर में आयोजित लोकगीत प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं शालिनी धूरिया, अलका तिवारी और नम्रता ने अपनी प्रस्तुति से तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं लघु नाटिका प्रतियोगिता में भी विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने तृतीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं के बेहतर प्रदर्शन के पीछे विद्यालय की शिक्षिकाओं प्रीति यादव, संगीता सहित अन्य शिक्षकों का मार्गदर्शन रहा।
विद्यालय की प्रधानाचार्य चारुल गुप्ता ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह मेहनत और लगन से प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
30 विद्यालयों के बीच आयोजित प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन ने राजकीय हाईस्कूल कनकपुर सिकवा की शैक्षिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रियता को भी रेखांकित किया है।









