सुलतानपुर। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज सुलतानपुर में शनिवार को आयोजित जनपद स्तरीय वाद-विवाद एवं क्विज प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी मेधा, तर्कशक्ति और प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण से प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में जिले के 25 विभिन्न राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ संबंधित विद्यालयों के शिक्षक एवं प्रधानाचार्य भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटाशंकर यादव एवं प्रधानाचार्य डॉ. मनोज कुमार तिवारी ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में “लोकतंत्र में स्वतंत्रता की सीमा” तथा क्विज में “मौलिक अधिकार और मौलिक कर्तव्य” विषय रहा। विद्यार्थियों ने संविधान, लोकतंत्र और नागरिक दायित्वों से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में तकनीक का प्रभावी प्रयोग करते हुए पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुतियों का स्क्रीन पर प्रदर्शन किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह ने ज्ञान को तकनीक से जोड़ने तथा विद्यार्थियों के प्रभावी प्रस्तुतीकरण की सराहना की। उन्होंने ऐसे आयोजनों की निरंतरता पर बल दिया।
प्रधानाचार्य डॉ. मनोज कुमार तिवारी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “जीत केवल पुरस्कार प्राप्त करने का नाम नहीं है, बल्कि मंच पर खड़े होकर अपनी बात पूरे आत्मविश्वास से रखना भी एक उपलब्धि है। विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारें और ज्ञान का उपयोग समाज व राष्ट्र के हित में करें। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल देश का नेतृत्व करेंगे।
विजयी प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। निर्णायक मंडल में प्रो. (डॉ.) अश्वनी सिंह, दीपक कुमार सिंह एवं सूर्यभान रहे। कार्यक्रम का कुशल संयोजन केशव प्रसाद सिंह एवं सुनील यादव ने किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।









