नितेश वर्मा उप सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, सदर का आकस्मिक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, भोजन, स्वच्छता एवं निर्माणाधीन कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद कर पढ़ाई और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से पाठ्यक्रम एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे। संतोषजनक उत्तर मिलने पर उन्होंने शिक्षकों की सराहना की और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
डीएम ने किचन व डाइनिंग हॉल का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता परखी। उन्होंने छात्राओं के साथ शाम का नाश्ता भी किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। छात्रावास में कमरों की साफ-सफाई, वेंटिलेशन और रहने की सुविधाओं को देखा तथा सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन कंप्यूटर लैब का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली। कार्यदायी संस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित, स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों को बालिकाओं की आवश्यकताओं के अनुरूप विद्यालय की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।









