मुन्ना अन्सारी सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। सदर विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही अनियमित विद्युत कटौती को लेकर सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने गंभीरता दिखाई है। क्षेत्रीय जनता की लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए विधायक ने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को पत्र भेजने के साथ ही प्रबंध निदेशक विद्युत से दूरभाष पर वार्ता कर विद्युत कटौती पर प्रभावी रोक लगाने और उपभोक्ताओं को सुचारू विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग की।
विधायक द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि विधानसभा क्षेत्र-318 सदर, महराजगंज के विभिन्न ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों से लगातार अनियमित विद्युत कटौती की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। भीषण गर्मी और उमस के बीच बार-बार बिजली कटने से आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत कटौती से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे व्यापारियों, किसानों, विद्यार्थियों और अन्य लोगों की दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि महराजगंज जनपद में विद्युत कटौती की समस्या का तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए। बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारणों का पता लगाकर उनका स्थायी समाधान कराया जाना आवश्यक है, ताकि क्षेत्रवासियों को निर्धारित रोस्टर के अनुरूप पर्याप्त और निर्बाध बिजली मिल सके।
उन्होंने कहा कि जनता द्वारा लगातार विद्युत आपूर्ति की समस्या से अवगत कराया जा रहा था। इसी को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई का आग्रह किया गया है। विधायक ने विद्युत विभाग से अनावश्यक एवं अनियमित कटौती पर रोक लगाने तथा फाल्ट अथवा तकनीकी समस्या आने पर उसका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने की अपेक्षा की, ताकि क्षेत्रवासियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।











