नितेश वर्मा उप सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
लक्ष्मीपुर खुर्द/ठूठीबारी। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी नेटवर्क को लेकर एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खुर्द चौकी से सटे नेपाल के सरावल गांवपालिका-7 स्थित भूजहवा क्षेत्र में नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल की संयुक्त टीम ने करीब 95 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल सामान बरामद किए।
पुलिस के अनुसार वाहन की कीमत समेत बरामद सामान की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 14 लाख 84 हजार रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान पिकअप चालक वाहन लॉक कर मौके से फरार हो गया।
जिला पुलिस कार्यालय के सूचना अधिकारी डीएसपी मदन थापा के मुताबिक बरामद सामान में 22 लाख 94 हजार रुपये के 2,294 पीस मोबाइल एयरपॉड्स, 70 लाख 95 हजार रुपये के 44,300 टेम्पर्ड ग्लास, 93 हजार रुपये के 930 मोबाइल कवर और दो हजार रुपये की प्लास्टिक शामिल है। सामान लु 3 च 2939 नंबर की पिकअप में लादकर ले जाया जा रहा था। वाहन और सामान को महेशपुर भंसार कार्यालय भेज दिया गया है।
ठूठीबारी क्षेत्र में लगातार हो रही ऐसी बरामदगी से सीमा पर अवैध आवाजाही और तस्करी नेटवर्क को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। सवाल यह भी है कि इतनी बड़ी मात्रा में सामान भारतीय क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खुर्द चौकी के समीप से सीमा पार नेपाल तक कैसे पहुंचा? सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में तस्करी का नेटवर्क सक्रिय होने की चर्चा है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।









