अम्बरीष शर्मा राज्य ब्यूरो एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज सदर ब्लाक के अंतर्गत एवं पकड़ी वन रेंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत विजयपुर चौराहा स्थित पोखरे में रविवार को मछली पकड़ने के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब जाल में अचानक मगरमच्छ फंस गया। जाल में बड़ी मछली फंसने की आशंका में उसे खींच रहे मछुआरों ने जब जाल बाहर निकाला तो उसमें मगरमच्छ को देखकर उनके होश उड़ गए। मछुआरों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि पोखरे में मगरमच्छ पिछले कई दिनों से मौजूद था, लेकिन इसकी जानकारी ग्रामीणों और मछुआरों को नहीं थी। रविवार को कुछ मछुआरे पोखरे में मछली पकड़ने के लिए जाल डाल रहे थे। जाल डालने के बाद जब उसे बाहर खींचा गया तो वजन अधिक होने के कारण मछुआरों को लगा कि उसमें कोई बड़ी मछली फंस गई है। जाल बाहर आते ही मगरमच्छ दिखाई दिया तो वहां अफरा-तफरी मच गई।
मगरमच्छ की जानकारी मिलते ही पोखरे के आसपास ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों में भय और कौतूहल का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना बागापार निवासी हरिवंश हौशला और वन दरोगा जगपुर संदीप राना को दी। सूचना मिलते ही दोनों मौके पर पहुंचे। वनकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से सावधानीपूर्वक मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया।
इसके बाद वनकर्मी मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर ले गए और रोहिन नदी के चानकी घाट पर छोड़ दिया। मगरमच्छ को नदी में छोड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना के दौरान काफी देर तक पोखरे के आसपास लोगों की भीड़ लगी रही। वहीं पोखरे में मगरमच्छ मिलने के बाद ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर भी चर्चा होती रही।









