मुन्ना अन्सारी सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। आमजन की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को सदर तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीआईजी गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चन्नप्पा, जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल तथा पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं।
जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत का गहनता से परीक्षण किया और संबंधित विभागों के अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि आवश्यक होने पर मौके पर पहुंचकर शिकायतों की जांच कर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डीआईजी एस. चन्नप्पा ने निर्देशित किया कि भूमि विवाद, पैमाइश और कब्जे से जुड़े मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर कार्रवाई करे, ताकि विवादों का स्थायी समाधान हो सके और कानून-व्यवस्था प्रभावित न होने पाए।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायतकर्ता को न्याय मिले। किसी भी मामले में लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त पुलिस संबंधी शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए तथा पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व, पुलिस, भूमि विवाद, पैमाइश एवं अन्य जनसमस्याएं प्रमुख रहीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा में शिकायतों के निस्तारण की जिम्मेदारी सौंपते हुए स्पष्ट किया कि समाधान की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।









