प्रतापगढ़। वृद्धा आश्रम महुली के प्रांगण में सर्वोदय सद्भावना संस्थान के तत्वावधान में डॉ अंकिता पांडे द्वारा उपस्थित समस्त वृद्ध महिला पुरुष को योगिनी एकादशी के पावन पर्व पर आम्र एवं कदली फल तथा दक्षिणा प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उक्त अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष धर्माचार्य ओम प्रकाश पांडे अनिरुद्ध रामानुजदास ने कहा कि आषाढ़ मास की दशमीं को भगवान श्री जगन्नाथ जी अपने मौसी गुणीचा के घर से वापस जगन्नाथपुरी में मुख्य मंदिर पर पधारते हैं। आज से चातुर्मास प्रारंभ हो गया है। भगवान श्रीमन्नारायण एक स्वरूप में क्षीरसागर सागर के अंतर्गत शेषनाग की शैय्या पर शयन करते हैं और दूसरे स्वरूप में वामनावतार में राजा बलि को दिए हुए वचन के अनुसार राजा बलि के यहां वास करते हैं।
आज से कार्तिक मास की उठावनी एकादशी तक दिया हुआ दान अक्षय होता है। चातुर्मास में संत लोग एक स्थान पर प्रवास करके भगवान की कथा वार्ता एवं आराधना करते हैं और सनातन धर्म के प्रति लोगों को जागृत करते हैं। चातुर्मास में मांस मदिरा एवं तामसी भोजन नहीं करना चाहिए , झूठ नहीं बोलना चाहिए। ठाकुर जी का भजन कीर्तन तथा कथा श्रवण करनी चाहिए। संतों के संग बैठकर धार्मिक चर्चा करनी चाहिए।
इस वृद्धा आश्रम में यहां के कर्मचारी बहुत ही तन्मयता से वृद्धों की सेवा करते हैं लोगों से अनुरोध है कि अपने मां-बाप की सेवा करें उन्हें वृद्धा आश्रम आने की जरूरत ही न पड़े हमारा शास्त्र कहता है “मातृ देवो भव- पितृ देवो भव”। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पंडित दिनेश शर्मा प्रतिनिधि डॉक्टर महेंद्र सिंह एमएलसी पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश , रामचंद्र उमरवैशय, राजा उमरवैशय रामानुज दास, अजय उपाध्याय तथा वृद्धा आश्रम के कर्मचारी गण उपस्थित रहे।















