मुन्ना अन्सारी सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के कुशल निर्देशन में महराजगंज पुलिस ने तकनीक आधारित पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। जनपद की सर्विलांस सेल ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल, आईएमईआई ट्रैकिंग और आधुनिक सर्विलांस तकनीकों की मदद से 110 खोए हुए स्मार्टफोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पिछले चार महीनों में सर्विलांस सेल ने कुल 417 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 25 लाख रुपये है। सभी मोबाइल आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके असली मालिकों को वापस कर दिए गए।
सर्विलांस टीम ने आईएमईआई आधारित ट्रैकिंग, तकनीकी विश्लेषण तथा अन्य आधुनिक संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन खोज निकाले। विगत चार माह में प्राप्त प्रार्थना-पत्रों पर लगातार कार्रवाई करते हुए यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई।
21 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मोबाइल स्वामियों को पुलिस कार्यालय बुलाया गया, जहां सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनके मोबाइल फोन उन्हें सौंपे गए। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने महराजगंज पुलिस व पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि, “जनता की छोटी से छोटी समस्या का त्वरित समाधान करना हमारी प्राथमिकता है। तकनीक आधारित पुलिसिंग वर्तमान समय की आवश्यकता है और CEIR पोर्टल जैसे प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग से नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।” उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल CEIR पोर्टल पर उसे ब्लॉक कराएं तथा निकटतम थाने या सर्विलांस सेल में शिकायत दर्ज कराएं।
इस सराहनीय कार्य में कांस्टेबल ग्रेड-बी शिवानन्द पासवान, मुख्य आरक्षी मो. कुतुबुद्दीन, मुख्य आरक्षी राजकुमार राजभर, मुख्य आरक्षी आलोक पाण्डेय, आरक्षी सुधीर कुमार यादव, आरक्षी सूरज गुप्ता, आरक्षी नीरज कुमार गोंड सहित जनपद के सभी थानों पर CEIR पोर्टल के लिए नियुक्त कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।














