जावेद अख्तर सह सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
थाना स्तर पर ही शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करने पर जोर, महिला हेल्पडेस्क को प्रभावी बनाने के निर्देश
महराजगंज। आमजन की समस्याओं के त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण समाधान को लेकर महराजगंज पुलिस सक्रिय है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी लेते हुए शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में निष्पक्षता और संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि फरियादियों को समय से न्यायोचित समाधान मिल सके।
एसपी ने सभी प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि जिन समस्याओं का समाधान थाना स्तर पर संभव है, उनका निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर थाने में ही किया जाए। इससे शिकायतकर्ताओं को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार पुलिस कार्यालय आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
उन्होंने थाना स्तर पर संचालित जनसुनवाई व्यवस्था और महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और संबंधित मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनशिकायतों का प्रभावी निस्तारण पुलिस की जवाबदेही का महत्वपूर्ण हिस्सा है।









