नितेश वर्मा उप सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
सोनौली सीमा क्षेत्र में कस्टम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप, लाखों रुपये की बताई जा रही खेप जब्त
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 टन कद्दू के बीजों की खेप बरामद की है। यह कार्रवाई भारत-नेपाल के सोनौली सीमा क्षेत्र में श्यामकाट-जसवल के पास की गई। बरामद बीजों की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नेपाल से पगडंडियों के रास्ते कद्दू के बीजों की खेप भारत लाकर बड़े शहरों की मंडियों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान कस्टम विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तस्करी की इस खेप को पकड़ लिया गया। कार्रवाई के बाद सीमावर्ती क्षेत्र में तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
तस्करी नेटवर्क की जांच तेज
बरामदगी के बाद पुलिस और कस्टम विभाग की टीमें तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हैं। जांच के दौरान खेप के स्रोत, इसे भारत लाने में शामिल लोगों और आगे किन मंडियों तक पहुंचाने की योजना थी, इन बिंदुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही तस्करी के मुख्य सरगना और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कस्टम विभाग ने खेप कब्जे में ली
कार्रवाई के बाद कस्टम विभाग ने बरामद कद्दू के बीजों को अपने कब्जे में लेकर कस्टम एक्ट और संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की। मामले में आगे की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद तस्करी से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।
भारत-नेपाल सीमा पर हुई इस कार्रवाई को अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।









