नितेश वर्मा उप सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज जिले में जहां माताएं जीवित्पुत्रिका का व्रत रखकर अपने लाडलों की लंबी उम्र की कामना कर रही थीं, वहीं शनिवार को काल के क्रूर हाथों ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिले में अलग-अलग स्थानों पर पानी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। सिसवा के देवीपुर आजाद नगर निवासी 16 वर्षीय कृष्णा दोस्तों के साथ छितौनी घाट नदी में नहाने गया था। गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। कृष्णा माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत के बाद व्रत रखी मां मीना सिंह अस्पताल में उसे बार-बार उठाने का प्रयास करती रहीं। यह मार्मिक दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
वहीं, कोठीभार के लोहेपार गांव में 12 वर्षीय किशन की पानी में डूबने से मौत हो गई। वह मौसी के घर रहता था। उधर, घुघली के पटखौली गांव में पोखरे में नहाते समय विराट गहरे पानी में चला गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तीनों घटनाओं ने जीवित्पुत्रिका पर्व की खुशियों को मातम में बदल दिया।









