श्याम सुंदर पासवान सह सम्पादक एम आर जे न्यूज महराजगंज
महराजगंज।आज दिनांक-07/03/2026 को तहसील नौतनवा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी महराजगंज संतोष कुमार शर्मा एवं अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा आमजन की समस्याओं को सुना गया।
इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें मुख्य रूप से राजस्व, पुलिस, भूमि विवाद, रास्ता, पेंशन, विद्युत एवं अन्य जनसमस्याएँ शामिल रहीं।
संपूर्ण समाधान दिवस में आए फरियादियों की समस्याओं को जिलाधिकारी महोदय एवं अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से करते हुए उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक रूप से बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस से संबंधित शिकायतों को सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही भूमि विवाद एवं आपसी विवादों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कर क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नौतनवा, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








