गुरुवार शाम 4:00 बजे तक महराजगंज जिले में पुलिस ने विभिन्न बैंक शाखाओं व एटीएम बूथों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित बैंकों के परिसर, आसपास के इलाकों और एटीएम केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम, गार्ड की तैनाती तथा प्रवेश-निकास द्वारों की गहन जांच की। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी गई।
अभियान के दौरान बैंक प्रबंधकों, कर्मचारियों व गार्डों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्राहकों को एटीएम, ओटीपी व बैंकिंग जानकारी सुरक्षित रखने के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने बताया कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।


