सोमवार दोपहर 12:00 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली में टीकाकरण सत्र स्थल पर गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव हेतु 14-15 वर्ष आयु की किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अधीक्षक डॉ. अमित बिक्रम सिंह की अध्यक्षता में नगर पंचायत अध्यक्ष संतोष जायसवाल ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर अधीक्षक डॉ. सिंह ने एचपीवी वैक्सीन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह टीका महिलाओं को गंभीर बीमारी से बचाने में प्रभावी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को समय पर यह टीका अवश्य लगवाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसके कोई दुष्प्रभाव नहीं हैं। कार्यक्रम में प्रतीक सिंह, सेतभान सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


